बाबा विजयेन्द्र
‘सनीजी के भईले दू गो ललनवा हो कि देसबा के भाग जागल हो ….।’आप भी यह सोहर गाईए। वाल्मीकि के आश्रम में सीता ने भी एक साथ दो संतान को जन्म दिया था। वाल्मीकि का आश्रम गुलजार हुआ था। पूरे जंगल में मंगल का दृश्य था। सीता को मलाल था कि काश राम होते तो अयोध्या को सोने के बंदनबार से सजा देते। सनी लियोन को कोई मलाल नहीं है। मीडिया पहले ही पालना और झुनझुना लिए खड़ी थी। मीडिया पल-पल के इंतजार में ही थी कि कब इनका कैमरा इन किलकारियों को कैद करे?
वाल्मीकि के बाद बॉलीवुड के आंगन में खुशियों की लहर दौड़ गई है। श्रीदेवी के शोक से बॉलीवुड मुक्त होकर अब सनी लियोन की संतान के लिए सोहर गाने में मस्त हो गया है। खुशी की बात यह है कि सनी लियोन एक ही साल में तीन बच्चों की मां बन गई है। प्रगति के पथ पर देश अग्रसर है। इस देश को इतना बढ़िया ‘स्टार्ट अप’ अबतक किसी ने भी नहीं दिया है।
हालांकि मोदी सरकार ने इस तरह की खुशियों के लिए पहले ही इंतजाम कर दिया था। इस सरकार द्वारा उद्यमिता और नवाचार योजना के तहत 26 सप्ताह के मातृत्व-अवकाश की घोषणा की गई। यह 26 सप्ताह का अवकाश अपनी कोख के लिए और किराये की कोख भरने के लिए इस सरकार ने 12 सप्ताह का अवकाश घोषित किया। सोरोगेटेड मदर के लिए घर से भी काम करने और वेतन पाने का हक दिया गया, पर सनी लियोन ने भारत सरकार को अपना भरपूर सहयोग देते हुए एक दिन का भी मातृत्व अवकाश नहीं लिया। इन्होंने किराये की कोख लेना ही श्रेयस्कर समझा। पूर्वोत्तर में किराए के कांग्रेसी से कमल खिल सकता है तो किराए की कोख से किलकारियां क्यों नही गूंज सकती है? कमाल चाहे संघ का हो या सनी का या फिर कमल और कोख का,आज देश में चतुर्दिक खिलखिलाहट गूंज रही है।
सनी लियोन ने जब से भारत की धरती पर कदम रखा है तब से यहां के खेत भी लहलहा उठे हैं। पैदावार भी बढ़ गया है। फसलें भी दुगुनी हो गई है। आंध्रप्रदेश के नेल्लोर जिले के ‘बांदा किंदी पाले’ गांव के खुशहाल किसान की कहानी को आप पढ़े सुने ही होंगें। 45 वर्षीय चेंचू रेड्डी नाम के एक किसान ने अपनी खेत में सनी लियोन का बिकनी वाला पुतला टांग रखा है। जब से इन्होने यह काम किया है तब से उनके अनुसार फसल अच्छी हुई है। सनी लियोन ब्रांड के इस आर्गेनिक-खाद के असर ने गजब ढा दिया है। लियोन ने अपना ब्रांड वेल्यू बढ़ा लिया है। परित्यक्त सीता की संतान के लिए अब कौन सोहर गाता है? जब जिंदा पोर्नस्टार सनी हमारे पास मौजूद हो तो फिर उदास सोहर के लिए मगजमारी क्यों की जाए ?
स्वामी अग्निवेश जब बिग बॉस के घर से अलिम्नेट होकर बाहर निकले थे तब उस बिग बॉस के घर सनी प्रेमचंद के बड़े घर की बेटी की तरह प्रवेश कर रही थी पर देश के पापाओं ने यह नहीं गाया..कि पापा कहते हैं कि ‘यह बेटी कुछ नाम करेगी पोर्नस्टार बनकर कुछ काम करेगी ….’। पंडितों और मौलवियों ने तब विरोध किया था। उनके अनुसार बाथरूम के सामान को पूजा घर में रखना संस्कृति और सभ्यता का अपमान है। सनी लियोन के इस अवदान का आकलन अगर हम पहले किये हुए होते तो आज शर्मसार नहीं होना पड़ता।
सनी लियोन ने 21 महीने की एक बच्ची को गोद लिया था जिसका नाम रखा गया निशा कौर वेबर। अब दो बच्चे गोद में हैं इनके नाम हैं अशर सिंह वेबर और नोआ सिंह वेबर। एकदम हरी भरी गोद। पंजाब की भुमी भले ही ऊसर हो रही हो और अब भले ही किसी कोख से यहां फतेह सिंह और जोरावर सिंह नहीं जन्म ले रहे हों ,पर पंजाब मूल की इस स्टार ने अशर सिंह और नोआ सिंह को जन्म देकर इतिहास रचा ही है। सन्न लियोन की इस खुशी में पंजाब के कुछ सरदारों ने दिल्ली के कॉफी हाउस में पार्टी का भी आयोजन किया है। वाह री यह पंजाबी पुत्तर!
सनी लियोन के बारे में सार्वजनिक स्तर पर भले ही चर्चा ना करे पर एकांतप्रिया तो यह हो ही चुकी है। आज यह एक स्टार है। आपके सोहर के सुनने का इनके पास अब समय ही कहां है। सनी अब एक मां का नाम नहीं बल्कि एक संस्कृति का नाम है। सनी को कोख की पीड़ा सहने का समय नहीं है। सो उन्होंने कोख किराए पर लिया। किराए की कोख के लिए भारत दुनिया का सबसे दूसरा बड़ा देश है। यह भारत की अर्थव्यवस्था को गति प्रदान कर रहा है। आपके नाक भौं सिकोड़ने से क्या होगा ? संजय दत्त एक साथ ट्विन फादर बने ,इसकी चर्चा यहां वाजिब नहीं है पर सुष्मिता सेन ,रवीना टंडन और आमिर खान ने भी किराए पर कोख लिया था। सुष्मिता और रवीना ने बिना किसी पति के ही मां बनने का उदहारण पेश किया। किराये की कोख लेकर इसने पुरुषवादी सत्ता को चुनौती दी थी। वर्जनाओं को तोड़ती ये तारिकाएं सारे सांस्कृतिक मूल्यों को अपनी धारा में बहा ले गई। किराये की कोख पर बहस ना करें तो अच्छा है। ऐश्वर्या राय की फिल्म जैस्मिन फिल्म आ रही है इसी किराए की कोख विषय पर। अनुष्का शर्मा भी शादी के बाद इस सोरोगेटेड मदर कथानक पर फिल्म बना रही हैं। चारो ओर सनी लियोन की इस संतान से ज्यादा यह नव संस्कृति कुलांचे भर रही हैं। रोक सको तो रोक लो।
भारत में कद्दू और करेला भले ही महंगी हुई हो पर यहां की कोख बहुत ही सस्ती हो गई है। गुजरात के डॉक्टर नारायण पटेल के अस्पताल में सैकड़ों की संख्या में किराए की कोख लिए महिलाएं मौजूद हैं। कोख का कॉमर्शियल वेल्यू गुजरात में जबरदस्त है। यहां की महिलाओं को 150 रुपये की औसतन दैनिक मजदूरी है।. साल भर जी तोड़ मिहनत के बाद पचास हजार तक कम पता पाती है और किराए की कोख देकर पांच लाख तक कम लेती हैं। इस पैसे से वह बेहतर जिंदगी जीना चाहती है और अपने बच्चों को पढ़ाना लिखाना चाहती है। मिल्क सीटी आणंद में ऐसी कोख दूकानें सजी हुई हैं। मां और बच्चों के बीच का यह बाजार !
अगर कोई व्यक्ति माता पिता बनने के योग्य नहीं हैं और अक्षम हैं तो उनके लिए किराए की कोख समझ में भी आती है। तो फिर अपने परिवार और परिजन क्यों नहीं अपनी कोख उधार देते हैं। किसी गरीब भारत की बहु बेटियां ही क्यों ?
प्रेमचंद की गर्भवती बुधिया मर जाती है। गरीबी के ही कारण ना अपने को बचा पाती है ना ही अपने बच्चे को। संस्कृति के पुजारी कभी किसी बुधिया के पास नहीं जाते। घीसू और माधव आज होते तो अंगीठी नहीं ताप रहे होते और अपनी बुधिया को किसी डेनियल वेबर और सनी लियोन के पास भेज देते। सनी लियोन नमनीय हैं क्योंकि इन्होंने किसी बुधिया की कोख उधार लेकर अपने व्यापार में हिस्सेदार बनाया है।
दारुल इफ्ता के मियां मुफ्ती कफील अहमद चिल्लाते रहें उससे क्या होना है । मोहक और भावुक रिश्तों का अंत हो चुका है। देवकी यशोदा वाली बात नहीं है यह। दूध का कर्ज कहां उतारे बच्चे ? अमूल के पास जाए या मदर डेयरी के पास।. प्रसव पीड़ा को कौन महसूसेगा ? बिना इस महसूस के यह पीढ़ी अराजक नहीं हो जायेगी ? भारत माता की जय के क्या मायने? धन्य हैं ये मां के सौदागर। उम्मीद है कि सनी और डेनियल अपनी संतानों को भरपूर प्यार देंगें, और इस अराजकता के बीच भी हम तो सोहर ही गायेंगे ….।
Definitely imagine that that you said. Your favourite reason seemed to be on the internet the easiest factor to have in mind of. I say to you, I certainly get annoyed whilst folks consider issues that they plainly do not recognise about. You controlled to hit the nail upon the highest and also defined out the whole thing without having side-effects , other folks can take a signal. Will probably be again to get more. Thanks